मऊ
यातायात पुलिस ने चलाया अभियान, 185 वाहनों का चालान
दोहरीघाट (मऊ)।पुलिस अधीक्षक इलामारन जी के निर्देशन में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। टीआई श्याम शंकर पांडे और उपनिरीक्षक यातायात केदारनाथ भारती के नेतृत्व में दोहरीघाट पुलिस बूथ, गोठा बाईपास और नई बाजार क्षेत्र में गहन वाहन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान कुल 185 वाहनों का चालान काटा गया।
टीम ने दोपहिया, चारपहिया, ट्रैक्टर और स्कूल बसों की चेकिंग करते हुए बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी और ओवरलोडिंग जैसे उल्लंघनों पर कार्रवाई की। बाइक पर तीन सवारी करने वालों को रोका गया और उनकी आईडी चेक कर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
टीआई श्याम शंकर पांडे ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। चालान काटने के साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। अभियान के दौरान यातायात पुलिस की पूरी टीम सक्रिय रही।
