Connect with us

अपराध

मोमोज के लालच में छात्र से करवाये लाखों के गहने चोरी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Published

on

देवरिया। जिले में मोमोज का लालच देकर सातवीं कक्षा के छात्र से घर के कीमती आभूषण चोरी कराने का मामला सामने आया है, जिसमें महिला समेत दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना में करीब 85 लाख रुपये के गहने चोरी कराए गए थे। पूछताछ के बाद रामपुर कारखाना पुलिस ने लीलावती देवी और राकेश कुमार को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपित दीपक कुमार अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 25 जनवरी को उनके नाबालिग पुत्र ने बिना बताए घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण कस्बे के रहने वाले दीपक कुमार, राकेश कुमार और पिंटू को सौंप दिए थे। आरोपितों ने उसे मोमोज खिलाने का लालच देकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया। जांच में सामने आया कि आभूषण हड़पने में दीपक कुमार की मुख्य भूमिका थी और उसकी मां लीलावती देवी ने देवरिया सेंट्रल चौकी के पास स्थित एक सराफा दुकान पर गहने बेच दिए थे।

पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर लगभग ढाई लाख रुपये के गहने बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों में सोने की दो टूटी पलानी, टूटा हार, मंगटीका, नथिया, कान के झाले, तीन कील, गोल्ड टिक्का, चांदी की पाजेब, पायल और बिछिया समेत अन्य गहने शामिल हैं। मंगलवार को डुमरी तिराहे के पास से लीलावती देवी और राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।

दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस मामले में चोरी करने वाले नाबालिग किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपित दीपक कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी तलाश लगातार जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page