Connect with us

अपराध

मोबाइल पर APK भेजकर डॉक्टर से लाखों की ठगी

Published

on

डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक, 10 मिनट में खाता खाली

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के पॉपुलर हॉस्पिटल के डॉक्टर सिराज अहमद साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए। ठगों ने उनके मोबाइल पर एक APK लिंक भेजा, जिसे डाउनलोड करते ही उनके मोबाइल की सारी जानकारी हैक हो गई। 10 मिनट के भीतर उनके सेविंग अकाउंट और तीन क्रेडिट कार्ड्स से कुल 3.56 लाख रुपये उड़ा लिए गए। पीड़ित डॉक्टर ने भेलूपुर थाने में मामला दर्ज कराया है।

कैसे हुआ फ्रॉड ?

डॉ. सिराज अहमद ने बताया कि 22 जनवरी को दोपहर 11:30 बजे उन्हें RBL बैंक क्रेडिट कार्ड के नंबर से एक कॉल आई। कॉलर ने पूरी प्रोफेशनल जानकारी देकर विश्वास जीत लिया और उनके कार्ड्स की जानकारी पूछी। इसके बाद कॉलर ने कहा कि कुछ अपडेट्स के लिए एक लिंक भेजा जाएगा, जिसे डाउनलोड करना जरूरी है।

डॉ. सिराज के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने उस APK लिंक को डाउनलोड किया, उनका मोबाइल अचानक से बंद हो गया और खुद से काम करने लगा। कुछ ही देर में उनके फोन पर लगातार ट्रांजैक्शन के मैसेज आने शुरू हो गए।

Advertisement

10 मिनट में 3.56 लाख का नुकसान

डॉ. सिराज ने बताया कि ठगों ने उनके एचडीएफसी बैंक अकाउंट से दो बार में 10,000 और 7,700 रुपये निकाल लिए। इसके अलावा, उनके क्रेडिट कार्ड्स से निम्नानुसार पैसे निकाले गए:

एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड: 18,700 रुपये

पैसा बाजार RBL बैंक क्रेडिट कार्ड: 1,07,989.80 रुपये

इंडसइंड क्रेडिट कार्ड: 2,12,056.36 रुपये

Advertisement

पुलिस ने दर्ज किया मामला

डॉ. सिराज ने तुरंत भेलूपुर थाने में इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी विजय नारायण मिश्रा ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत पर आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा किया है।

पुलिस ने नागरिकों को आगाह किया है कि अनजान नंबर से आई किसी भी कॉल पर अपनी पर्सनल या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साथ ही, मोबाइल पर भेजे गए किसी भी APK या लिंक को डाउनलोड करने से पहले पूरी तरह सतर्क रहें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page