अपराध
मैरेज हाल में फायरिंग के आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
बस्ती। बहादुरपुर क्षेत्र के लुम्बनी दुद्धी मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र के बेइली गांव स्थित एक मैरेज हाल के बाहर हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने तीन नामजद तथा पांच-छह अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना मंगलवार रात पैसे के विवाद को लेकर हुई थी।
पुलिस को दी गई तहरीर में बेइली थाना कलवारी निवासी शिखर सिंह ने बताया कि मंगलवार रात लगभग आठ बजे वह गांव के मैरेज हाल के सामने स्थित एक दुकान पर अपने दोस्तों के साथ भोजन करने गया था। वहां पहले से नवनीत, विनीत और जुबेर मौजूद थे। उसे देखते ही विनीत ने किसी को फोन किया। कुछ ही देर में दो गाड़ियों से पांच-छह अज्ञात लोग वहां पहुंच गए। गाड़ी रुकते ही वहां बैठे तीनों तथा अन्य लोग अवैध तमंचे से फायरिंग करते हुए उन लोगों पर हमला कर दिए। पास में खड़े एक लड़के ने धक्का दे दिया, जिससे वह बच गया, हालांकि छर्रा उसके पैर में लगते हुए निकल गया।
घटना के बाद वहां मौजूद लोग शोर मचाते हुए दौड़े तो आरोपी अपनी गाड़ियों से मौके से फरार हो गए। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी नवनीत, विनीत और जुवैर सोमवार शाम बस्ती में एक प्रतिष्ठित पूजन भंडार के सामने मिले थे, जहां उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी थी। बताया गया है कि इंटरलॉकिंग ईंट का पैसा बकाया था, जिसे लेकर बार-बार मांग की जा रही थी और इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया।
थानाध्यक्ष गजेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच एसएसआई पंकज कुमार पाण्डेय कर रहे हैं।
