मिर्ज़ापुर
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: आर्थिक मदद के साथ 291 जोड़ों का विवाह संपन्न

मीरजापुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को जगधारी प्रसाद यादव स्मारक इंटरमीडिएट कॉलेज, भटवारी, हलिया, मीरजापुर में भव्य आयोजन किया गया। इस मेगा इवेंट में जनपद के विभिन्न विकासखंडों- हलिया, लालगंज, पटेहराकला और छानबे से कुल 291 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इनमें 247 जोड़े अनुसूचित जाति, 2 जोड़े अनुसूचित जनजाति और 42 जोड़े अन्य पिछड़ा वर्ग से थे।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथियों ने नव-दम्पतियों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विधायक छानबे रिंकी कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल, ब्लॉक प्रमुख, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
सरकार का सहयोग और जोड़ों को प्रदान की गई सहायता
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़े को 51,000 की सहायता दी गई। इसमें से 35,000 कन्या के बैंक खाते में स्थानांतरित किए गए। विवाह संस्कार के लिए आवश्यक सामग्री जैसे कपड़े, बिछिया, चांदी की पायल, और 7 प्रकार के बर्तन के रूप में 10,000 का सामान दिया गया। कार्यक्रम आयोजन के लिए 6,000 प्रति जोड़ा की दर से खर्च किया गया।
जिलाधिकारी और विधायक ने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गरीब और बेसहारा परिवारों के उत्थान के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत माता-पिता अपनी बेटियों की शादी सरकारी सहयोग से धूमधाम से करवा पा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान नवदम्पतियों को उपहार स्वरूप सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। पंडाल, भोजन, फर्नीचर, प्रकाश और पेयजल की समुचित व्यवस्था के बीच विवाह कार्यक्रम उत्सवमय माहौल में संपन्न हुआ। सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों के सुखमय जीवन की कामना की।