पूर्वांचल
मुख्यमंत्री योगी ने सफाईकर्मियों की मौत का लिया संज्ञान, पीड़ित परिवारों को मिली सहायता राशि
गृहस्वामी के पुत्र की भी बचाने में हो गई थी मौत
चंदौली। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंदौली के पीडीडीयू (मुगलसराय) नगर में दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत की घटना का संज्ञान लिया है। इस घटना के प्रति उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की है। सीएम के निर्देश के तत्काल बाद जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को दाह संस्कार के लिए आर्थिक सहायता मुहैया कराई गई। एसडीएम विराग पांडे मौके पर पहुंचे और सहायता राशि परिजनों को सौंपी।

पीडीडीयू नगर में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन सफाईकर्मियों व गृहस्वामी के पुत्र की मौत हो गई। एक-एक कर सफाईकर्मी टैंक में उतरते गए और दम घुटने की वजह से मर गए। उन्हें बचाने गया गृहस्वामी का पुत्र भी नहीं बचा। एक साथ चार लोगों की मौत की घटना के बाद कोहराम मच गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ अनिरुद्ध सिंह ने घटना के बाबत जानकारी ली। वहीं आवश्यक कार्रवाई में पुलिस जुटी रही। सीएम ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
