Connect with us

गाजीपुर

मुख्यमंत्री ने सिद्धपीठ हथियाराम मठ में किया दर्शन-पूजन

Published

on

गाजीपुर। जिले के जखनिया क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम मठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दर्शन-पूजन कर सिद्धिदात्री माँ बुढ़िया माई जी का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिद्धपीठ लगभग 900 वर्षों से स्थापित है, जहां ऋषियों ने तपस्या कर माँ को प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह पीठ सन्यासी परंपरा और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है और भक्त यहां लोक मंगल व आध्यात्मिक चेतना के लिए आते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर जनपद अपनी समृद्ध परंपरा और धरती माता की पहचान के लिए जाना जाता है। उन्होंने भारत की धार्मिक व आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का आध्यात्मिक इतिहास त्रेता युग से जुड़ा है। इसी कड़ी में उन्होंने बक्सर में ऋषि विश्वामित्र के यज्ञ और क्षेत्र के अन्य आध्यात्मिक स्थलों का हवाला दिया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संतों की आध्यात्मिक ऊर्जा न केवल भौतिक विकास, बल्कि राज्य और राष्ट्र के मंगल के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने देशवासियों से एकजुट होकर देशहित में कार्य करने की अपील की और कहा कि भारत की संस्कृति सभी का सम्मान करती है। उन्होंने 1965 और 1971 के युद्धों में वीरता का परिचय देने वाले शहीदों के परिवारों का सम्मान करने की भी बात कही।

Advertisement

सिद्धपीठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर भवानीनंदन यति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए कहा कि योगी जी का राष्ट्र के भविष्य में योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि योगी जी ने गौ माता के चरणों में सिर झुकाकर आशीर्वाद लिया और प्रसाद स्वरूप दूध ग्रहण किया।

कार्यक्रम में सुबह के कैबिनेट मंत्री रविंद्र जयसवाल, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, एमएलसी विनीत सिंह, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, विधायक बेदी राम, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर संतोष यादव ने किया।

Advertisement

समापन के उपरांत हजारों की संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर अपने को धन्य महसूस किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कानपुर क्षेत्र के प्रांत प्रचारक श्री राम सिंह की माता रुक्मिणी देवी को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page