खेल
MI vs RR : मुंबई ने राजस्थान को 100 रनों से हराया

जयपुर। आईपीएल (IPL) 2025 के 50वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 100 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ मुंबई ने न केवल प्लेऑफ की दिशा में एक और कदम बढ़ाया, बल्कि राजस्थान को टूर्नामेंट से लगभग बाहर का रास्ता दिखा दिया।
शानदार अर्धशतक और दमदार ओपनिंग साझेदारी के लिए रेयान रिकेल्टन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
मुंबई का तूफानी स्कोर, राजस्थान ढेर
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में सिर्फ दो विकेट गंवाकर 217 रनों का पहाड़ खड़ा किया। रेयान रिकेल्टन (61 रन) और रोहित शर्मा (53 रन) ने शानदार अर्धशतक जड़े। अंत में सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने 48-48 रनों की तूफानी पारियां खेलीं।
जवाब में राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही और पूरी टीम 16.1 ओवर में महज 117 रन पर सिमट गई। मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट और कर्ण शर्मा ने तीन-तीन विकेट चटकाए, वहीं बुमराह को दो सफलता मिली। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक 30 रन बनाए।
प्लेऑफ से बाहर हुई राजस्थान
इस हार के साथ राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन गई। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स भी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। राजस्थान का नेट रन रेट -0.780 तक गिर गया है और वह अंकतालिका में आठवें स्थान पर है।
अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंची मुंबई
लगातार छठी जीत दर्ज करते हुए मुंबई इंडियंस 14 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। उनका नेट रन रेट +1.274 है। आरसीबी, पंजाब और गुजरात क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर बने हुए हैं।
राजस्थान की दूसरी सबसे बड़ी हार
यह राजस्थान की आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले 2023 में उसे आरसीबी ने 112 रन से हराया था। मुंबई के लिए भी यह किसी टीम के खिलाफ तीसरी सबसे बड़ी जीत है।