अपराध
मुंगराबादशाहपुर में जुआरियों का आतंक, पुलिसिया कार्रवाई पर उठे सवाल
जौनपुर। जिले के मुंगराबादशाहपुर नगर और आसपास के क्षेत्रों में दीपावली के मौके पर जुआरियों का आतंक फैलता जा रहा है। कई स्थानों पर जुआ के फड़ सजने लगे हैं जिससे स्थानीय जनता में रोष व्याप्त है। जनता की लगातार शिकायतों के बावजूद पुलिस की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शहर के नई बाजार, पकड़ी, शराब ठेके के पास, झड़ियावा तालाब, गजराजगंज, और गुड़ाही सहित अन्य स्थानों पर जुआरियों का दौर चल रहा है। वहीं, सतहरिया, पुरऊपुर, रायपुर, मधुपुर, और सुरजा का पूरा जैसे गांवों में भी जुआ बिना रोक-टोक के जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस के संरक्षण में कई जगहों पर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। भाकियू प्रदेश अध्यक्ष राजनाथ यादव, धर्म राज, सालिकराम पटेल, रामनाथ यादव, बाबूलाल और रामकरण यादव सहित कई ग्रामीण नेताओं ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जुए पर रोक लगाने की मांग की है।
इस मामले में थाना प्रभारी संतोष कुमार पाठक का कहना है कि जुआ खेलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई जुआ खेलते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
