वाराणसी
मिर्जामुराद पुलिस ने 10 घंटे में गुमशुदा किशोर को परिजनों से मिलाया
वाराणसी। मिर्जामुराद पुलिस की तत्परता से महज 10 घंटे में गुमशुदा 9 वर्षीय किशोर को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे को सुरक्षित देख पिता के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
भदोही जिले के चौरी थाना अंतर्गत लाठियां गांव निवासी मुदित चौहान (9) बुधवार सुबह अपनी मां से यह कहकर घर से निकल गया कि वह नानी के घर जा रहा है। मां लक्ष्मी देवी ने उसे समझाया कि अभी छोटे हो, बड़े होने पर जाना। लेकिन किशोर साइकिल लेकर घर से निकल पड़ा।
देर शाम तक जब मुदित का कोई पता नहीं चला तो परिजन घबरा गए। मां लक्ष्मी देवी और पिता श्यामधर चौहान ने रोते-बिलखते हुए चौरी थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी।
इधर भटकते हुए किशोर साइकिल से मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर पहुंच गया, जहां वह रोने लगा। उसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रहे मिर्जामुराद थाने के उपनिरीक्षक कौशल किशोर व कांस्टेबल कमलेश यादव की नजर बच्चे पर पड़ी। पूछताछ में पता चला कि बच्चा गुमशुदा है। पुलिस ने तत्काल उसके पिता श्यामधर चौहान को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मिर्जामुराद पुलिस ने बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। बेटे को देखते ही पिता उसे गले लगाकर भावुक हो उठे और पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
