वाराणसी
मिड-डे मील में गैस किल्लत पर कार्रवाई, दो प्रधानाध्यापक निलंबित
वाराणसी। मध्याह्न भोजन योजना के तहत गैस सिलिंडर की कमी के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए काशी विद्यापीठ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ककरहिया और बच्छांव के प्रधानाध्यापक जितेन्द्र यादव और राकेश तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों विद्यालयों में गैस उपलब्ध न होने के कारण लकड़ी जलाकर मिड-डे मील तैयार किया जा रहा था।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित प्रधानाध्यापकों ने गैस सिलिंडर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए और न ही इस संबंध में कोई ठोस अभिलेखीय प्रमाण प्रस्तुत किया। साथ ही, इस स्थिति की जानकारी मीडिया तक पहुंचने से विभाग और शासन की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि एजेंसी की ओर से सीमित बुकिंग और आपूर्ति की बात कही गई, जिससे विद्यालयों में यह समस्या उत्पन्न हुई।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों को गैस आपूर्ति पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं है और एजेंसियों को पहले से ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान दोनों प्रधानाध्यापकों को ब्लाक संसाधन केंद्र से संबद्ध किया गया है, जहां वे निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
इस कार्रवाई के माध्यम से विभाग ने संकेत दिया है कि मिड-डे मील योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही, सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालयों में गैस सिलिंडर की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो।
