गाजीपुर
मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत
परिजनों का हंगामा, सड़क जाम
शादियाबाद (गाजीपुर) जयदेश। जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र के कस्बा दयालपुर में बीती शाम 7 बजे करीब एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर सादात–शादियाबाद मार्ग जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हुसैनपुर निवासी प्रभु बिंद पुत्र स्वर्गीय रामकरण बिन्द बाइक से शादियाबाद की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सादात की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उनकी स्प्लेंडर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही प्रभु बिंद सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं शुभम (8 वर्ष), शिवम (10 वर्ष) और पुत्री सुनैना (12 वर्ष)। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर सादात–शादियाबाद मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर थाना प्रभारी पवन उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। मौके पर पुलिस उपाधीक्षक शुभम वर्मा सहित भुडकुंडा नंदगंज सादात की पुलिस फोर्स भी पहुंच गई।
