Connect with us

गोरखपुर

मामूली विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

धूल उड़ाने से मना करने पर हुआ विवाद, लाठी-डंडों से हमले में हुई मौत

गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के ग्राम करहिया में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और लाठी-डंडों से किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो डंडे और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को वादी अपने मामा और अन्य परिचितों के साथ गांव के पास नदी किनारे स्थित शिव मंदिर पर बैठा हुआ था। उसी दौरान गांव के कुछ युवक मोटरसाइकिल को तेज गति से गोल-गोल घुमाते हुए धूल उड़ाने लगे। वहां बैठे लोगों ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वादी के मामा को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर थाना चिलुआताल में मुकदमा संख्या 138/26 के तहत धारा 103(1), 191(2), 190, 115(2), 352 बीएनएस में केस दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

Advertisement

पुलिस की कार्रवाई के दौरान संदीप निषाद, शेषनाथ निषाद, गौतम निषाद, रमेश निषाद, विक्की राजभर और राजन निषाद निवासी ग्राम करहिया थाना चिलुआताल को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे और दो मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गईं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। वहीं घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page