अपराध
मां को नींद की दवा देकर बेटे ने लगाई फांसी
वाराणसी। दिल्ली के एक ज्वैलर कारोबारी ने वाराणसी के भेलूपुर थाना अंतर्गत एक होटल में बुधवार की सुबह 6 बजे फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक युवक का नाम शाहिल मलिक है और वह अपनी मां के साथ दिल्ली से बनारस दर्शन करने आया था। दोनों भेलूपुर स्थित एक होटल में रुके थे। फांसी लगाने से पहले शाहिल ने मां को नींद की ज्यादा डोज वाली दवा दी। जब मां गहरी नींद में सो गई तो उसी के दुपट्टे से फंदा बनाया, कुर्सी बेड पर रखी और पंखे से फंदा लगाकर मां के बगल ही फांसी पर झूल गया। नींद की दवा के असर से मां अभी बेसुध है। बदहवास हालत में वह पुलिस को ज्यादा जानकारी दे नहीं पाई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि, ज्वैलर्स ने दिल्ली में कई लोगों से करीब 50 लाख रुपए उधार ले रखे हैं। इसी वजह से उसने आत्महत्या जैसा कड़ा कदम उठाया ।
मां के करवट लेते ही टकराया बेटे का पैर –
सुबह 6 बजे जब मां ने करवट ली तो लटक रहे बेटे का पैर उनकी शरीर से टच हुआ। आंख खुली तो देखा कि बेटा फंदे से झूल रहा था। होटल रिसेप्शनिस्ट के मुताबिक, करीब 6 बजे सुबह महिला लड़खड़ाते और जोर-जोर चिल्लाते हुए रिसेप्शन पर पहुंची। होटल कर्मचारी ने उनसे वजह पूछी तो कमरे की ओर इशारा करने लगी। रूम नंबर 204 में स्टाफ पहुंचा तो देखा महिला के साथ आया उसका बेटा फांसी के फंदे पर लटका था। इसके बाद होटल स्टाफ ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
