वाराणसी
महिला से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। महिला से छेड़छाड़ तथा अभद्र व्यवहार के आरोप में एक युवक को चेतगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, मोहित अग्रवाल के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत की गई।
जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 को पीड़िता ने थाना चेतगंज में लिखित शिकायत देकर एक युवक पर छेड़छाड़ और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया था। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी ने पीड़िता के परिजन के साथ मारपीट कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से मुकदमा संख्या 0037/2026 धारा 75, 79, 115(2), 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के क्रम में आरोपित साहिल पुत्र गोपाल, निवासी छोटी मलदहिया, थाना चेतगंज, जनपद वाराणसी, उम्र लगभग 18 वर्ष को पुलिस टीम ने कबीरचौरा क्षेत्र स्थित शम्भो माता मंदिर के समीप से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के उपरांत धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए चालान रिपोर्ट तैयार की गई और अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई प्रचलित है।
पूरी कार्रवाई में थाना चेतगंज की मिशन शक्ति टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से समझौता करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
