Connect with us

वाराणसी

महिला चेन स्नेचर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र के सारंगताल स्थित लक्ष्मी मंदिर में दर्शन के दौरान महिलाओं की सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार महिला चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से दो सोने की चेन और सात अंगूठियां बरामद की गई हैं।

थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि लक्ष्मी मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़ी महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने रातभर सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। इसी क्रम में रात करीब डेढ़ बजे सूचना मिली कि कुछ महिलाएं चोरी के आभूषण बेचने के उद्देश्य से सारंगनाथ मंदिर के पास मौजूद हैं।

सूचना पर उपनिरीक्षक अमरजीत कुमार एवं महिला उपनिरीक्षक संगीता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मंदिर की सीढ़ियों पर बैठी चार महिलाओं को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम हिरामनपुर सिंधौरा निवासी रीना देवी, रोशनी, रमौली और रेखा बताया।

पूछताछ के दौरान महिलाओं ने स्वीकार किया कि उन्होंने लक्ष्मी मंदिर में दर्शन के समय पैगम्बरपुर निवासी सुशीला देवी की चेन चोरी की थी। उन्होंने यह भी बताया कि वे मंदिरों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मौका पाकर चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम देती हैं तथा इसी माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि मंदिरों व सार्वजनिक स्थलों पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page