अपराध
महिला के साथ छेड़खानी का प्रयास, तीन पर मुकदमा दर्ज
केराकत (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक महिला के साथ पड़ोस के युवक द्वारा छेड़खानी और कपड़े फाड़ने की घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी और उसके परिजन फरार हैं।
पीड़िता का आरोपः जबरदस्ती का प्रयास, कपड़े फाड़े
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे की है। वह अपने घर में नहाने जा रही थी, तभी पड़ोस का युवक गुड्डू राजभर वहां पहुंचा और गलत नीयत से छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर उसने जबरदस्ती करते हुए महिला के कपड़े फाड़ दिए।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी भाग निकला। पीड़िता ने बताया कि जब उसने आरोपी के परिजनों से शिकायत की तो उन्होंने उसे धमकी देने के साथ गाली-गलौज भी की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गुड्डू राजभर, उसके पिता अमेरिका राजभर और मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार राय ने बताया, “आरोपी परिवार-घर छोड़कर फरार हो गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया है। ग्रामीणों ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
