वाराणसी
महिला कर्मचारी पर लाखों हड़पने का आरोप, किस्तों में रकम लौटाने का समझौता भी टूटा
वाराणसी। पुराने वाहनों के शोरूम में कार्यरत एक युवती पर करीब 5.60 लाख रुपये की धनराशि हड़पने का आरोप लगाते हुए लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराया गया है। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के बजरंग नगर, दौलतपुर निवासी अवनीश सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पहड़िया स्थित मिश्रा पेट्रोल पंप के समीप ‘बाइक बाजार’ नाम से पुराने वाहनों का शोरूम संचालित करते हैं।
उन्होंने बताया कि करीब ढाई वर्ष पहले शिवपुर थाना क्षेत्र के नवलपुर निवासी सोनम जायसवाल को मासिक वेतन पर शोरूम का हिसाब-किताब देखने के लिए नियुक्त किया गया था। शुरुआती समय में ऑडिट के दौरान सभी रिकॉर्ड सही पाए जाने पर उन्होंने उस पर भरोसा करना शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार, दो माह पूर्व जनवरी 2025 से अब तक के खातों का मिलान कराया गया, जिसमें 5,60,907 रुपये की कमी सामने आई।
आरोप है कि पूछताछ के दौरान संबंधित कर्मचारी ने पारिवारिक स्थिति खराब होने का हवाला देते हुए फर्म की राशि अपने पास रखने की बात स्वीकार की। यह भी बताया गया कि जनवरी 2025 से पहले के खातों में भी गड़बड़ी की गई थी। मामले को सुलझाने के लिए एक वर्ष के भीतर पांच लाख रुपये लौटाने का समझौता हुआ, लेकिन निर्धारित समय पर रकम वापस नहीं की गई।
इसके बाद 20 से 30 हजार रुपये प्रतिमाह किस्त के रूप में भुगतान करने का सुलहनामा भी हुआ, परंतु कई माह बीत जाने के बावजूद कोई राशि जमा नहीं की गई। इस पर पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
