Connect with us

चन्दौली

महिलाओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में परिवहन विभाग की सराहनीय पहल

Published

on

चंदौली। महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में परिवहन विभाग, चंदौली ने सराहनीय कदम उठाया है। मिशन शक्ति-5.0 के तहत उप संभागीय परिवहन कार्यालय चंदौली में वाहन डीलरों के सहयोग से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर शासन द्वारा जारी मिशन शक्ति-5.0 से संबंधित वीडियो क्लिप प्रदर्शित की गई और महिलाओं के अधिकारों व सुरक्षा से जुड़े पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही स्वावलंबन की दिशा में प्रोत्साहन के रूप में 25 महिलाओं को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सर्वेश गौतम द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकें प्रदान की गईं।

डॉ. गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि “परिश्रम ही सफलता की कुंजी है”, कठिन परिश्रम से व्यक्ति हर लक्ष्य प्राप्त कर सकता है। उन्होंने महिला सुरक्षा, अधिकारों और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान जनसंख्या अनुपात, जन्म-मृत्यु दर, लिंगानुपात, स्कूल ड्रॉपआउट, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, संस्थागत प्रसव, साक्षरता दर और महिलाओं व बच्चों के प्रति होने वाली हिंसा पर भी चर्चा की गई।

परिवहन विभाग ने जनपद के सभी वाहन डीलरों से अपील की कि यदि किसी महिला द्वारा वाहन खरीदा जाता है, तो उनकी पत्रावली को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करते हुए शीघ्र पंजीयन पुस्तिका प्रदान करें।

कार्यक्रम को लेकर प्रतिभागी महिलाओं में उत्साह देखा गया। उन्होंने मिशन शक्ति जैसी पहल को महिलाओं के आत्मविश्वास और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण बताया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page