पूर्वांचल
महिलाओं और बालिकाओं की समस्या का तत्काल हो समाधान : डीआईजी
चंदौली। जनपद में शनिवार को वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक वाराणसी डॉ. ओमप्रकाश सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक सदर व आपरेशन, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, समस्त थाना व सम्बन्धित शाखा प्रभारियों के साथ पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में समीक्षा एवं आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत बैठक की गई। पुलिस उप महानिरीक्षक ने जनपद के समस्त अधिकारियों थाना प्रभारियों को 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) और रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
उन्होंने IGRS और जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के डिफाल्टर से पूर्व की स्थिति में समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि, महिलाओं और बालिकाओं की समस्या व शिकायत को गंभीरता से सुन प्रतिदिन प्राप्त प्रार्थना पत्रों की ससमय जांच कराते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। महिला सशक्तिकरण एवं उनकी सुरक्षा व सहायता के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “मिशन शक्ति” अभियान के क्रम में महिला बीट अधिकारी ‘शक्ति दीदी’ द्वारा सार्वजनिक स्थानों/कस्बों/गांवों में चौपाल लगा तथा स्कूल/कालेजों में जाकर उन्हें जागरूक करते हुए उनकी हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराया जाए।

एंटी रोमियो टीमों द्वारा लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए मनचलों/अराजकतत्वों पर नज़र रखी जाए एवं अराजकतत्वों व शोहदों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाए। उक्त सहित अन्य आवश्यक बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस उप महानिरीक्षक ने यूपी 112 पर प्राप्त सूचनाओं को पीआरवी वाहनों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर समयबद्ध निस्तारण हेतु हिदायत दिया। लुटेरे, अवैध शराब व पशु तस्करों आदि पेशेवर अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी सतत निगरानी व सत्यापन करते सक्रिय दुर्दांत अपराधियों का जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई कराने सहित उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

उन्होंने आगे कहा कि, अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “आपरेशन त्रिनेत्र” के तहत ग्राम पंचायत एवं व्यापारी बन्धुओं व प्रतिष्ठान मालिकों, समाजसेवियों व अन्य लोगों से संग वार्ता कर/सामंजस्य बना जनसहयोग से अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे अधिष्ठापित व संचालन की कार्रवाई कराएं।
हिस्ट्रीशीटर, टॉप टेन सूची में शामिल अभियुक्तों की सतत निगरानी व उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही व पर्वों के दौरान संवेदनशीलता के दृष्टिगत छोटी सी छोटी घटनाओं पर गम्भीरता पूर्वक कार्यवाही करने हेतु समस्त क्षेत्राधिकारीगण व थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

शासन के निर्देशानुसार चिन्हित अपराधों में दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाए जाने के लिए चलाए जा रहे “आपरेशन कन्विक्शन” के तहत अभियोजक व मानिटरिगं सेल द्वारा समन्वय बना प्रभावी पैरवी कर दिलाई जाए अधिकतम व अविलंब सजा। लम्बित विवेचनाओं व प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समयबद्ध कराया जाए तथा महिला/बालिकाओं से सम्बंधित अपराधों में गम्भीरता से कार्यवाही हेतु कड़े निर्देश दिए गए।

इसके अलावा उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनपद में बिना नंबर प्लेट व त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट लगे वाहनों की सघन चेकिंग, रात्रि गश्त, पैदल गश्त हेतु सख्त निर्देश दिए गए। आमजनमानस के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार न किया जाय सहित अन्य महत्वपुर्ण बिन्दुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
तत्पश्चात चन्दौली कस्बे में पुलिस अधीक्षक चन्दौली व अपर पुलिस अधीक्षक सदर/ ऑपरेशन व समस्त क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारी व पुलिस बल के साथ पैदल गस्त कर आमजन मानस में सुरक्षा का एहसास कराया जायें।
