मुम्बई
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : महायुति और एमवीए के बीच कड़ा मुकाबला
शिवसेना और एनसीपी में फूट के बाद हो रहे चुनाव
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में इस बार महायुति और महाविकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है, क्योंकि दोनों गठबंधनों में शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अलग-अलग धड़े शामिल हैं। यह चुनाव इस बार खासा महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि पहली बार शिवसेना और एनसीपी दोनों में फूट के बाद चुनाव हो रहे हैं।
उद्धव ठाकरे और शरद पवार अपनी-अपनी पार्टियों को असली मानते हैं जबकि एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने भी खुद को असली शिवसेना और एनसीपी के नेता होने का दावा किया है। इस चुनाव में जनता तय करेगी कि असली शिवसेना उद्धव ठाकरे की है या एकनाथ शिंदे की और असली एनसीपी शरद पवार की है या अजित पवार की।
एनसीपी की बात करें तो दोनों धड़ों का सीधा मुकाबला पश्चिम महाराष्ट्र में होने की संभावना है जो एनसीपी का गढ़ माना जाता है। पिछले लोकसभा चुनाव में भी चार धड़ों में बंटी इन पार्टियों की पहली परीक्षा हुई थी जिसमें शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी ने 10 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और आठ सीटें जीती थीं। वहीं अजित पवार की पार्टी ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और केवल एक सीट पर ही जीत सकी थी।
शिवसेना के दोनों धड़े 13 सीटों पर आमने-सामने थे, जहां कांटे का मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) ने छह सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना सात सीटों पर विजयी रही थी।
