वाराणसी
महादेव के भक्त करेंगे ‘काशी विश्वनाथ’ के 3D दर्शन, गंगा आरती का होगा प्रत्यक्ष अनुभव
रिपोर्ट – अंजली मिश्रा
वाराणसी। धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी काशी में ‘श्रीकाशी विश्वनाथ’ के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु अब 3D दर्शन कर सकेंगे। इसमें बाबा की पंच प्रहर की आरती और धाम की भव्यता भी दिखेगी। फिलहाल इस प्रोजेक्ट का ट्रायल मंदिर परिसर में चल रहा है। श्रद्धालुओं को प्रो-मिश्रित रियलिटी हेडसेट से 3D दर्शन कराया जाएगा।

3D दर्शन को संचालित करने वाले कर्मियों के अनुसार, पूरे मंदिर के स्वरूप को 3D माध्यम से यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं को दिखाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की तरफ से इसका काफी अच्छा रिस्पांस भी मिल रहा है। हम 3D स्वरूप में ‘श्री काशी विश्वनाथ’ की आरती, पूरे कॉरिडोर की भव्यता, गंगा घाट और यहां के महत्व के बारे में आने वाले भक्तों को अभी निःशुल्क दिखा रहे हैं।
तो वहीं इस प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि, अभी इसका ट्रायल किया जा रहा है। श्रद्धालुओं का रिस्पांस काफी अच्छा आ रहा है और आने वाले समय में यह सकारात्मक रहेगा तब कंपनी के साथ अनुबंध किया जाएगा। इसके बाद फिर नियमित तौर पर श्रद्धालुओं को 3D के जरिये बाबा की आरती और धाम की भव्यता दिखाई जाएगी।
