मिर्ज़ापुर
महाकुंभ 2025: विधायक और जिलाधिकारी ने किया विन्ध्याचल मंदिर का निरीक्षण
पान-गुटखा से गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा 500 जुर्माना
मिर्जापुर। महाकुंभ मेले के दौरान मां विन्ध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन और अन्य सुविधाओं के लिए व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से मंगलवार को विधायक रत्नाकर मिश्र और जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने विन्ध्याचल मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए।

कोतवाली मार्ग पर गंदगी पर नाराजगी
जिलाधिकारी ने कोतवाली मार्ग पर बने प्लांटर्स और पिलर्स पर पान-गुटखा खाकर थूकने से फैल रही गंदगी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इसे मंदिर की छवि खराब करने वाला बताया। इस पर कार्रवाई करते हुए मंदिर से जुड़े सभी प्रमुख मार्गों पर पान, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट आदि की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि गंदगी फैलाने वालों से 500 का जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही प्रमुख मार्गों पर दोपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग पर भी सख्ती बरतने का आदेश दिया।
मंदिर परिसर में सुविधाओं का निर्देश
मंदिर परिसर और परिक्रमा पथ की सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।
जयपुरिया गली से पशु मंदिर में प्रवेश को रोकने के लिए स्टेनलेस स्टील की रेलिंग लगाने का निर्देश दिया गया।
पक्का घाट मार्ग पर छायादार शेड न होने की समस्या पर पिंक कलर की पारदर्शी पीवीसी सीट से शेड का निर्माण कराने का निर्देश दिया गया।

हनुमान तिराहे पर ध्वस्तीकरण और गेट निर्माण की समीक्षा
हनुमान तिराहे पर अधिग्रहीत भूमि के ध्वस्तीकरण, मलबा हटाने, और गेट निर्माण की प्रगति का जायजा लिया गया। रेलवे स्टेशन से पुराने वीआईपी मार्ग के चौड़ीकरण के कार्य को जल्द से जल्द शुरू करने का निर्देश दिया गया।

सुविधाओं का विस्तार
मानकी बाई ट्रस्ट की भूमि पर आयुर्वेदिक चिकित्सालय के संचालन की योजना बनाई गई।
खाली स्थानों पर छायादार शेड, रैंप और शौचालय बनाने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, नगर मजिस्ट्रेट लाल बहादुर सिंह, सहायक अभियंता विद्युत, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, और नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी का संदेश: महाकुंभ के दौरान विन्ध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित दर्शन का अनुभव प्रदान करने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा।
