मिर्ज़ापुर
महाकुंभ 2025: जिलाधिकारी ने प्रचार वाहनों को दिखायी हरी झंडी
मिर्जापुर। आगामी 13 जनवरी 2025 से तीर्थराज प्रयागराज में प्रारंभ होने वाले महाकुंभ में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को आकर्षित करने और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मीरजापुर जिले में दो एलईडी प्रचार वाहन भेजे गए हैं।
सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने इन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जनपद के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पहुंचकर महाकुंभ की विशेषताओं और महत्व के बारे में लोगों को जानकारी देंगे।

इन वाहनों में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जो महाकुंभ के महत्व, उसकी विशेषताओं और देश-प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित लघु फिल्में प्रदर्शित करेंगी। इसके जरिए लोगों को महाकुंभ में सम्मिलित होने का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा, “महाकुंभ भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। सभी लोग इस महान आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त करें। सर्दियों को देखते हुए सतर्कता और उचित व्यवस्था के साथ महाकुंभ में शामिल हों।”
इस कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय और सूचना विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
