Connect with us

मिर्ज़ापुर

महाकुंभ मेला 2025: तैयारियों पर जिलाधिकारी मिर्जापुर ने की बैठक, दिये अहम दिशा-निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई

मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में महाकुंभ मेला-2025 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने रेलवे, रोडवेज, नगर पालिका और पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों से रिपोर्ट ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं की समीक्षा

विन्ध्याचल और मीरजापुर स्टेशन के अधीक्षकों ने बताया कि अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, और अस्थायी शौचालयों का निर्माण जारी है। जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में लाइट और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्टेशन और रोडवेज पर ट्रेनों व बसों की समय सारणी की जानकारी यात्रियों के लिए होर्डिंग पर प्रदर्शित करने को कहा।

Advertisement

रोडवेज संचालन और ट्रैफिक व्यवस्था

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज ने बताया कि बसों का शिफ्टवार संचालन तय कर लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मेला प्रारंभ होने से पहले खोया-पाया केंद्र की स्थापना सुनिश्चित की जाए।

नगर पालिका को दिए अहम निर्देश

अधिशासी अधिकारी ने बताया कि गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग पूरी हो चुकी है और पार्किंग के लिए पांच स्थलों का चयन किया गया है। जिलाधिकारी ने अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी तैयारियां दो दिनों के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।

Advertisement

स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

मुख्य चिकित्साधिकारी को रोडवेज और विन्ध्याचल में मेडिकल सेंटर स्थापित करने और आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। नर्सिंग होम और मेडिकल छात्रों को वालंटियर के रूप में शामिल करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अनुपस्थित रहने पर अपर मुख्य जिला पंचायत अधिकारी को जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल ओम प्रकाश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट लाल बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page