मिर्ज़ापुर
मड़िहान में उपडाकघरों की सेवाएं ठप, जनता परेशान
मड़िहान (मिर्जापुर)। मड़िहान तहसील क्षेत्र में उपडाकघरों की सेवाएं बदहाल स्थिति में हैं। डाक कर्मचारियों की लापरवाही लगातार सामने आ रही है। केंद्र सरकार जहां डाक सेवाओं को आधुनिक बनाने और बेहतर सुविधाएं देने का दावा करती है, वहीं मड़िहान क्षेत्र में डाक सेवाओं की हालत दयनीय है। बताया गया है कि कुबरी पटेहरा उपडाकघर में लगभग ढाई महीने से सेवाएं बंद हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि राउटर खराब होने के कारण सेवाएं ठप हैं।क्षेत्र के लोगों में इसको लेकर भारी नाराजगी है, क्योंकि ज्यादातर उपडाकघरों में जमा-निकासी और डाक बुकिंग सुविधाएं बंद पड़ी हैं। इस अनियमितता पर प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है।
स्थिति को सुधारने के लिए मड़िहान मिर्जापुर अधिवक्ता समिति ने उपजिलाधिकारी युगांतर त्रिपाठी को मांग पत्र सौंपा है। उन्होंने तहसील प्रांगण में उपडाकघर खोलने की मांग की जिससे अधिवक्ताओं और वादकारियों को रजिस्ट्री कराने और जमा-निकासी में आसानी हो सके।
मांग पत्र सौंपने के दौरान समिति के अध्यक्ष एडवोकेट जंग बहादुर सिंह, एडवोकेट अर्जुन सिंह पटेल, एडवोकेट रामप्रकाश सिंह, एडवोकेट सुरेश समेत अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे।
