राज्य-राजधानी
मगहर कबीर परिनिर्वाण स्थली पर खिचड़ी माघ मेले का भव्य शुभारंभ
अध्यक्ष अनवरी बेगम ने फीता काटकर किया उद्घाटन
संतकबीर नगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत मगहर स्थित विश्व प्रसिद्ध कबीर परिनिर्वाण स्थली पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी खिचड़ी माघ मेले का भव्य शुभारंभ गुरुवार सुबह 10:00 बजे किया गया। मेले का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष अनवरी बेगम ने फीता काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में कबीर मठ के आचार्य विचार दास की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने संत कबीर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि कबीर की वाणी समाज में समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अनवरी बेगम ने कहा कि मगहर की धरती संत कबीर की तपोभूमि है, जहां से प्रेम, भाईचारा और सौहार्द का संदेश पूरे देश में फैलता है। खिचड़ी माघ मेला जाति और मजहब से ऊपर उठकर सभी वर्गों के लोगों को जोड़ने का कार्य करता है। यह मेला सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है।
उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि आपसी गिले-शिकवे भुलाकर इंसानियत को सर्वोपरि रखें और मेले को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। साथ ही नगर पंचायत द्वारा साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की बात भी कही।
मेले के शुभारंभ के साथ ही कबीर परिनिर्वाण स्थली परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने कबीर साहब की समाधि पर दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मेला परिसर में धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की दुकानें और झूले भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जिससे मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। खिचड़ी माघ मेला आने वाले दिनों तक श्रद्धा, आस्था और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता रहेगा।
