मऊ
मऊ की बेटियों ने खेलों में किया कमाल, खुशबू और रंजू का चयन

मऊ जनपद की योगासन खिलाड़ी खुशबू और रंजू प्रजापति ने एक बार फिर अपने शहर का नाम रोशन किया है। इन दोनों का चयन अस्मिता खेलो इंडिया विमेंस लीग 2025 के राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए हुआ है जो 05 से 07 जनवरी 2025 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली है।
दोनों खिलाड़ी फैज़ुल्लापुर गांव की निवासी हैं और डीएवी इंटर कॉलेज की छात्राएं हैं। वे योग प्रशिक्षक राजन वैदिक के मार्गदर्शन में योगासन के विभिन्न आयामों को सीखते हुए जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं।
खुशबू और रंजू ने इससे पहले भी खेलो इंडिया यूथ गेम्स, राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता और सीबीएसई क्लस्टर जैसे बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इनकी लगातार सफलता योगासन खेल के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश करती है।
क्षेत्र में इन दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खुशी का माहौल है। जिला योगासन खेल संघ मऊ के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार द्विवेदी और सचिव राजन वैदिक ने उन्हें इस सफलता के लिए बधाई दी है। विद्यालय परिवार और क्षेत्र के सभी लोग इनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं। खुशबू और रंजू ने साबित कर दिया है कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।