अपराध
मंत्री रविंद्र जायसवाल की पत्नी से विद्युत बिल के भुगतान के नाम पर उचक्कागिरी का प्रयास
मंत्री ने ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्यवाही का दिया निर्देश
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल की पत्नी मंजू जयसवाल से मोबाइल पर मैसेज कर इलेक्ट्रिसिटी बिल का ऑनलाइन भुगतान करने के नाम पर उचक्कागिरी करने का प्रयास किया गया।
मंत्री रविंद्र जायसवाल के पत्नी के मोबाइल पर बुधवार को एक मैसेज मिला कि विद्युत बकाया का ऑनलाइन भुगतान आज ही कर दे, अन्यथा आज रात्रि 9:30 बजे विद्युत विच्छेदन कर दिया जाएगा। मैसेज प्राप्त होने के बाद दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर गूगल प्ले स्टोर से एक ऐप डाउनलोड करने को बताया गया तथा ऐप पर बताए जा रहे स्टेप टू स्टेप ऑनलाइन ही कार्यवाही एवं ट्रांजेक्शन कंरने को बताया गया। जिस पर स्टेप टू स्टेप की जाने वाली जानकारी को बताए जाने तथा बाद में ऐप पर कार्रवाई करने की बात किए जाने पर कतिपय उचक्कों ने ऑनलाइन ही कार्यवाही करने पर जोर दिया। इस दौरान मोबाइल पर देर तक वार्ता के दौरान दूसरी ओर से उचक्कों ने मोबाइल काट दिया तथा उस नंबर पर बार-बार मिलाए जाने के बावजूद दोबारा किसी ने फोन नहीं उठाया। फिलहाल थोड़ी होशियारी से उचक्कागिरी होने से मंत्री जी की पत्नी बच गई।
मंत्री रविंद्र जायसवाल ने इसकी जानकारी होने पर विद्युत विभाग के सुप्रिटेंडिंग इंजीनियर (एसई) इस बाबत मोबाइल पर वार्ता की। जिस पर बताया गया कि इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड/विभाग द्वारा इस प्रकार का किसी भी प्रकार का मैसेज उपभोक्ताओं को नहीं दिया जाता। यह कतिपय शरारती तत्वों का कार्य है, इस पर पैनी नजर रखी जा रही है। पकड़े जाने पर इन शरारती तत्वों पर कठोर कार्यवाही किया जाएगा। मंत्री ने ऐसे शरारती तत्वों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई किए जाने हेतु निर्देशित किया।
मंत्री रविंद्र जायसवाल ने विद्युत उपभोक्ताओं को आगाह एवं अपील करते हुए कहा कि वे टेलीफोन नंबर पर विद्युत विभाग से संबंधित बिलों के भुगतान से संबंधित किसी भी प्रकार का मैसेज आने पर कत्तई रियक्ट न करें और किसी भी प्रकार का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन इस बाबत न करें और विद्युत विभाग से संपर्क करें।
