Connect with us

गोरखपुर

भाषण और ज्ञापन में सीमित रह गया प्रदूषण के खिलाफ कैंडल मार्च

Published

on

गोरखपुर। गीडा में फैक्ट्रियों द्वारा सहजनवां नगर पंचायत के साथ-साथ आसपास के कई गांवों में फैलाए जा रहे प्रदूषण के विरोध में रविवार को कैंडल मार्च निकाले जाने का आह्वान किया गया था। इस कैंडल मार्च का नेतृत्व पूर्व विधायक देवनारायण सिंह द्वारा किया गया।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ कैंडल मार्च निकालने के लिए नगर और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में सहजनवां रेलवे स्टेशन परिसर में एकत्र हुए। ग्रामीणों और नगरवासियों में प्रदूषण को लेकर खासा आक्रोश देखने को मिला।

कैंडल मार्च को देखते हुए प्रशासन भी पूरे दिन मुस्तैद नजर आया। जैसे ही भीड़ एकत्र हुई, नेताओं ने लोगों को संबोधित करते हुए भरोसा दिलाया कि अधिकारियों ने प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए एक माह का समय मांगा है।

इस आश्वासन के बाद कैंडल मार्च को स्थगित कर दिया गया। भाषण के दौरान नेता बड़े-बड़े दावे करते नजर आए। घोषणा होते ही ग्रामीणों में चर्चा का दौर शुरू हो गया और लोग धीरे-धीरे तितर-बितर हो गए।

मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी केशरी नंदन तिवारी ने भी प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के लिए एक माह का समय लेने की बात कही। इसके बाद मौजूद नेताओं द्वारा एसडीएम को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा गया।कैंडल मार्च स्थगित होने के बाद ग्रामीण तरह-तरह की चर्चाएं करते हुए लौटते नजर आए।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page