खेल
भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में मारी एंट्री
मुंबई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम का सामना इंग्लैंड से हुआ। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस रोमांचक मैच को टीम इंडिया ने 7 रनों से जीत कर अपने नाम किया। भारत ने इस मुकाबले को जीतते ही फाइनल में अपनी जगह बना ली है। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए थे। इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने भी भारत को कांटे की टक्कर देते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 246 रन ही बना सकी।

अब 8 मार्च को होने वाले फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया का न्यूजीलैंड से सामना होगा और यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर उतरेगा।

बात करें टीम इंडिया के बल्लेबाजों की तो, संजू सैमसन एक बार फिर भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। उन्होंने 42 गेंदों पर आठ चौके और सात छक्के की मदद से 89 रनों की पारी खेली। हालांकि अभिषेक का बल्ला फिर नहीं चला और वे 9 ही रन बनाकर चलते बने। ईशान ने तीन नंबर पर आकर 18 बॉल पर 39 रनों की धमाकेदार पारी खेली। वहीं शिवम दुबे ने 25 बॉल पर 43 रन बनाए। हार्दिक ने 12 पर 27 और तिलक ने केवल सात बॉल पर 21 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए विल जैक्स और आदिल राशिद ने 2-2 विकेट जरूर लिए, लेकिन वे भारतीय बल्लेबाजों की रनों की गति पर लगाम नहीं लगा पाए।

254 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। हार्दिक पांड्या ने फिल साल्ट (5) को और जसप्रीत बुमराह ने कप्तान हैरी ब्रुक (7) को जल्दी आउट कर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि, युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने हार नहीं मानी और एक ऐसी पारी खेली जिसने भारतीय प्रशंसकों की सांसें रोक दीं। बेथेल ने मात्र 48 गेंदों में 105 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के जड़े।

विल जैक्स (35) के साथ मिलकर बेथल ने एक समय इंग्लैंड को जीत के मुहाने पर खड़ा कर दिया था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अहम मौकों पर विकेट निकालकर वापसी की। अक्षर पटेल ने अर्शदीप सिंह की गेंद पर शिवम दुबे के साथ मिलकर जो कैच पकड़ा वह मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने पारी का 18वां ओवर डालते हुए सिर्फ 6 रन दिए और वहीं से मैच पटलना शुरू हुआ।

19वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने सैम करन (18) का विकेट लेकर मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया। अंतिम ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 30 रनों की दरकार थी और कप्तान सूर्या ने गेंद शिवम दुबे को थमाई। पहली ही गेंद पर शतकवीर जैकब बेथेल दूसरा रन लेने के चक्कर में रन आउट हो गए और यहीं से इंग्लैंड की जीत की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं। हालांकि, जोफ्रा आर्चर ने हार नहीं मानी और आखिरी ओवर में तीन छक्के जड़े। आर्चर ने मात्र 4 गेंदों पर 19 रन बनाए, लेकिन अंततः इंग्लैंड लक्ष्य से 7 रन दूर रह गया।
