अपराध
भाभी से अवैध रिश्ता नहीं बना तो भतीजे को मार डाला
लखीमपुर खीरी में सनसनीखेज वारदात
लखीमपुर खीरी के निघासन कस्बे में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने दो वर्षीय भतीजे की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के पीछे देवर की अपनी भाभी पर गलत नजर रखने की बात सामने आई है।
शराब के नशे में रची साजिश, थाने पहुंचकर कबूला गुनाह
घटना सोमवार की है, जब आरोपी युवक शराब पीकर घर पहुंचा और झगड़ा करने लगा। इसके बाद वह अपने भतीजे को बिस्कुट दिलाने के बहाने घर से बाहर ले गया। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा, तो घरवाले चिंतित हो गए।

रात करीब 1 बजे आरोपी चाचा खून से सना बांका लेकर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपने भतीजे की हत्या की बात स्वीकारी। पुलिस उसे लेकर नहर किनारे गन्ने के खेत पहुंची, जहां मासूम का शव खून से लथपथ हालत में मिला। मासूम के सिर और दाहिनी आंख पर कई वार किए गए थे।
मृतक बच्चे की मां ने पुलिस को बताया कि उसका देवर उस पर गलत नीयत रखता था। उसने शराब के नशे में जबरदस्ती करने की कोशिश की थी, लेकिन विरोध के बाद उसने मासूम की हत्या कर दी।
सीओ महक शर्मा ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, आरोपी की हरकत ने पूरे कस्बे को झकझोर कर रख दिया है।
