Connect with us

वाराणसी

भाजपा का विकास मॉडल काशी को बर्बाद कर रहा है : अजय राय

Published

on

वाराणसी। कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को काशी में मोदी–योगी सरकार के विकास कार्यों पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में ‘पोल खोल पदयात्रा’ का आयोजन किया गया। अजय राय ने कैंट स्टेशन पर नाइट मार्केट से उजाड़े गए दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके संघर्ष में साथ खड़ी रहेगी। इसके बाद पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भारत माता मंदिर पहुंचे। यात्रा सोनिया, औरंगाबाद, लक्सा, गिरजाघर होते हुए चितरंजन पार्क पर समाप्त हुई।

यात्रा के दौरान जगह-जगह जलभराव, ध्वस्त सीवर व्यवस्था, खराब सड़कें और पीड़ित दुकानदारों की व्यथा कांग्रेस के निशाने पर रही। अजय राय ने कहा कि मोदी–योगी सरकार के आर्टिफिशियल विकास मॉडल ने काशी को बर्बाद कर दिया। डेढ़-दो सौ दुकानदारों को उजाड़कर न मुआवजा दिया गया, न वैकल्पिक स्थान। 11 करोड़ रुपये में से केवल 5-6 करोड़ का ही वास्तविक उपयोग हुआ, शेष कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नाइट मार्केट प्रोजेक्ट के नाम पर काशी की जनता से छल-कपट किया गया।

अजय राय ने कहा कि पहली बारिश में ही विकास की पोल खुल गई। जगह-जगह जलभराव, जर्जर सड़कें और सीवर समस्या से आमजन त्रस्त हैं। भाजपा सरकार काशी को आर्टिफिशियल प्रयोगशाला बनाकर उसकी आत्मा को मिटाना चाहती है। कांवड़ यात्रियों की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई। राहत शिविरों में न लाइट है, न पानी, न रहने की व्यवस्था। रोपवे योजना को उन्होंने लूट योजना बताते हुए कहा कि गिरजाघर से गोदौलिया तक आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। दुकानदारों की कमाई खत्म हो गई है और सड़कों पर कीचड़, जलभराव और जर्जर स्थिति ने विकास के दावों की पोल खोल दी है।

उन्होंने कहा कि मोदी जी 2029 में गुजरात लौट जाएंगे लेकिन काशी के लोग यहीं रहेंगे। काशीवासियों का कर्तव्य है कि इस फर्जी विकास के खिलाफ आवाज उठाएं। अगर आज आवाज नहीं उठी तो काशी की आत्मा किताबों में ही दिखेगी। कांग्रेस काशी की संस्कृति और पहचान बचाने के लिए हर मोर्चे पर संघर्ष करेगी।

पदयात्रा में अजय राय के साथ जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। पदयात्रा का संचालन जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa