अपराध
भदोही : बदमाशों ने प्रधानाचार्य को गोलियों से किया छलनी, जांच में जुटी पुलिस
ड्राइवर को नहीं आई एक भी खरोंच, अंतिम गोली कार के पहिए पर मारी
भदोही के कोतवाली क्षेत्र के बसवानपुर गांव में दिनदहाड़े इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेन्द्र बहादुर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन पर करीब दस गोलियां दागीं, जिससे प्रधानाचार्य का पूरा शरीर छलनी हो गया। प्रधानाचार्य अपने घर से कॉलेज की ओर जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोककर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। इस हत्याकांड में प्रधानाचार्य का ड्राइवर बाल-बाल बच गया। जो क्षेत्र के और पुलिस के लिए चर्चा का विषय है।

घटना के वक्त प्रधानाचार्य अपने पुराने चालक संतोष सिंह के साथ थे जो पिछले 20 वर्षों से उनके साथ काम कर रहे हैं। घटना के दौरान प्रधानाचार्य अपनी कार से जा रहे थे और जब वे बसवानपुर के पास पहुंचे तो दो बाइक सवार युवकों ने कार को रुकवाया। बदमाशों ने उनसे मोबाइल देने का बहाना बनाकर कार का शीशा खुलवाया और फिर फौरन उन पर गोलियां चला दीं।
इसके बाद बदमाशों ने अंतिम गोली कार के पहिए पर मारी ताकि कार को आगे न बढ़ाया जा सके और प्रधानाचार्य को तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सके। इस हमले में प्रधानाचार्य की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन, एएसपी डॉ. तेजबीर सिंह समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल में जुट गए।
