Connect with us

वायरल

ब्लूमिंग बर्ड्स स्कूल के बच्चों ने निकाली सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली

Published

on

संतकबीर नगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ब्लूमिंग बर्ड्स स्कूल के छात्रों द्वारा एक सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व यातायात प्रभारी परमहंस जी ने किया।

रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने “हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं”, “सीट बेल्ट आपकी सुरक्षा”, “नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई।

इस अवसर पर यातायात प्रभारी परमहंस जी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को यातायात संकेतों, हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित वाहन चलाने के नियमों की जानकारी दी तथा इन्हें अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह की रैलियों का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से परिवार और समाज तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों और उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।रैली में विद्यालय के शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं यातायात विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page