गोरखपुर
बोर्ड परीक्षा के दौरान खूनी विवाद, 12वीं के छात्र की मौत
शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन, आरोपी के लिए फांसी व एक करोड़ मुआवजे की मांग
गोरखपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के बेनीगंज स्थित डीबी इंटर कॉलेज में 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने एक छात्र की जान ले ली। मामूली कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ा कि एक छात्र ने दूसरे के सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल छात्र अंकुश सिंह, जो शाहपुर क्षेत्र के सरदार पटेल नगर का निवासी बताया जा रहा है, को परिजन तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

अंकुश की मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुरुवार रात पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो शुक्रवार को अंतिम संस्कार से पहले परिजन और स्थानीय लोग शव को घर के पास सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। परिजनों ने मुख्य आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए फांसी या आजीवन कारावास की सजा, लगभग एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई। साथ ही विद्यालय प्रशासन की भूमिका की जांच की भी मांग की गई।
स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स, सीओ तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा शासन स्तर पर सहायता के प्रयास का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस की निगरानी में राजघाट पर छात्र का अंतिम संस्कार कराया गया। एहतियातन क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और छोटी बातों पर बढ़ते आक्रोश को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
