अपराध
बैंक मैनेजर ने परिजनों को भेजे 25 करोड़, चार गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के इटावा में बैंक घोटाले के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें जिला सहकारी बैंक के निलंबित शाखा प्रबंधक अखिलेश चतुर्वेदी की पत्नी, माता-पिता और एक ज्वेलर्स शामिल हैं।
एसएसपी संजय कुमार ने रविवार को जानकारी दी कि कोतवाली पुलिस थाने में 16 जुलाई को दर्ज हुए 25 करोड़ रुपए के इस बैंक घोटाले की जांच के दौरान यह सामने आया कि अखिलेश चतुर्वेदी ने बड़ी रकम अपने पिता शैलेंद्र चतुर्वेदी, माता उषा चतुर्वेदी, पत्नी मालती चतुर्वेदी और ज्वेलर उज्जवल पोरवाल के खातों में स्थानांतरित की थी। जांच के बाद इन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घोटाले की राशि लगभग 50 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान –
इस मामले में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अतुल प्रताप सिंह और अकाउंटेंट नफीसुल जैदी को तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि 25 जुलाई को मुख्य आरोपी वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अखिलेश चतुर्वेदी को राजस्थान के राज पैलेस से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जब की अन्य की तलाश में कोतवाली में जुटी हुई है।
पुलिस जांच में कुछ और लोगों के संलिप्तता होने की बात भी सामने आई है। पुलिस लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अभी तक की जांच में इस घोटाले की राशि लगभग 50 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस घोटाले में करीब तीन ऐसे लोगों के नाम भी प्रकाश में आ रहे हैं जो जांच के नाम पर मामले को लगभग दो साल तक दबाए रहे थे।
