गोरखपुर
बेलघाट दहेज हत्याकांड का खुलासा, पति और सास गिरफ्तार
गोरखपुर। महिला संबंधी अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए गोरखपुर पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। थाना बेलघाट क्षेत्र में दर्ज मुकदमे के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष बेलघाट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 275/85/50(2)/115(2)/352 बीएनएस व ¾ डीपी एक्ट से संबंधित अभियुक्तों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में श्यामनरायन पुत्र सरजू तथा उसकी पत्नी रमावती उर्फ तारा निवासी बेईली कुण्ड, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पर दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है।
मामले को लेकर क्षेत्र में पहले से तनाव का माहौल था। घटना के बाद से ही पुलिस सक्रिय थी और लगातार दबिश दे रही थी। अंततः पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक आशीष त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अमित प्रजापति, कांस्टेबल अशोक कुमार तथा महिला कांस्टेबल बिभा शुक्ला शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है। महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गोरखपुर पुलिस की यह कार्रवाई एक सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।
