जौनपुर
बेटे ने सिलबट्टे से मां को उतारा मौत के घाट, भाभी-भतीजी घायल
जौनपुर। जनपद के केराकत थाना क्षेत्र स्थित शेखजादा मोहल्ले में बुधवार दोपहर लगभग एक बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बेटे ने अपनी ही रिटायर्ड प्रिंसिपल मां की सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी। मां की चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंची भाभी और भतीजी पर भी आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई, जिस पर आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शीला सिंह (80) की मौत हो गई, जबकि भाभी शालिनी सिंह और भतीजी वर्तिका सिंह का इलाज जारी है।
मृतका शीला सिंह कन्या पाठशाला की सेवानिवृत्त प्रिंसिपल थीं और अपने दो बेटों सत्यव्रत सिंह और संदीप सिंह उर्फ भोलू, बहू शालिनी सिंह तथा पोती वर्तिका सिंह के साथ रहती थीं। उनके अन्य दो पुत्र मुन्ना और गोलू बाहर रहते हैं। उनके पति वीरेंद्र सिंह, जो पब्लिक इंटर कॉलेज में लेक्चरर थे, उनका चार महीने पहले निधन हो चुका था।
घटना के समय बड़ा बेटा सत्यव्रत सिंह अपनी मेडिकल दुकान पर था, जबकि छोटा बेटा संदीप सिंह ऊपर मंजिल पर सो रहा था। इसी दौरान वह अचानक नीचे आया और मां के कमरे में रखे सिलबट्टे से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मां को बचाने आई भाभी और भतीजी पर भी उसने लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह आरोपी को काबू में कर एक कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पड़ोसी रिंकू सेठ के अनुसार, घटना के बाद आरोपी अपनी घायल मां के पास ही बैठा था, जिसे लोगों ने पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि परिवार का मोहल्ले के लोगों से ज्यादा संपर्क नहीं था।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी संदीप सिंह लंबे समय से मानसिक बीमारी से ग्रसित था। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक और प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल कर रही है।
