Connect with us

अपराध

बेटे को बचाने गए पिता की हत्या, आरोपी फरार

Published

on

Loading...
Loading...

देवरिया। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम समोगर में मंगलवार की रात नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में बेटे को बचाने पहुंचे 55 वर्षीय अधेड़ महंथ गोंड की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस बुधवार की देर शाम तक मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर का इंतजार करती रही। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम समोगर निवासी राजगीर मिस्त्री महंथ गोंड का पुत्र सूरज कुछ दिन पहले बाहर से कमाकर घर लौटा था। आरोप है कि गांव के कुछ युवक उससे शराब पीने के लिए रुपये मांग रहे थे, जिसको लेकर मंगलवार की सुबह विवाद हुआ था। इसके बाद सूरज विदेश जाने के लिए टेस्ट देने सलेमपुर चला गया।

Loading...

स्वजन का कहना है कि घर लौटने के बाद सूरज गांव में एक व्यक्ति के यहां हो रहे अखंड हरिकीर्तन में शामिल होने गया था, जहां पहले से मौजूद नशेड़ी युवकों ने उससे दोबारा रुपये की मांग की। मना करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बेटे को बचाने पहुंचे पिता महंथ को भी आरोपितों ने लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

आसपास के लोगों के एकत्र होने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल महंथ को परिजन इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर सीओ रुद्रपुर हरिराम यादव सहित मदनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित घर छोड़कर फरार हो चुके थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page