चन्दौली
“बेटियां प्रत्येक क्षेत्र में कर रही हैं देश को गौरवान्वित” : प्रो. सविता
सैयदराजा (चंदौली)। आदर्श नगर पंचायत अंतर्गत राजकीय महिला महाविद्यालय, सैयदराजा में भव्य तृतीय वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नरेंद्र प्रताप गुप्ता ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय गाज़ीपुर की पूर्व प्राचार्या प्रो. सविता भारद्वाज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. सुभाष राम, प्राचार्य शहीद हीरा सिंह राजकीय महाविद्यालय, धानापुर एवं डॉ. अशोक कुमार यादव, राजकीय महाविद्यालय नौगढ़ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात छात्रा खुशी एवं शिखा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, वहीं छात्रा साधिका पांडेय ने अतिथियों के स्वागत में मनमोहक गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि प्रो. सविता भारद्वाज ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से आगे निकल रही हैं और देश को गौरवान्वित कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उम्र कभी भी किसी कार्य को शुरू करने की सीमा नहीं होती, यह तो केवल आंकड़ों का खेल है। यदि आप मन लगाकर निरंतर प्रयास करें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. सुभाष राम ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। यदि आप मेहनत और ईमानदारी से कार्य करें, तो निश्चित रूप से सफलता आपके कदम चूमेगी।
प्राचार्य प्रो. नरेंद्र प्रताप गुप्ता ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय का यह तृतीय वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह, आप सभी की कड़ी मेहनत और अनुशासन का प्रतिफल है। सत्र 2024-25 में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उम्दा प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर छात्रा स्नेहा, खुशी, हर्षिता, शिखा, अंतिमा, सत्या, दिव्या, प्रीति, रागिनी, कृति, प्रियांशी, गायत्री, सृष्टि, मुस्कान, पिंकी, दिव्य ज्योति, रोशनी, शालिनी एवं सीता ने विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विजेता छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को प्राचार्य द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, मीडिया प्रभारी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकार बंधुओं को मोमेंटो भेंट कर उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सर्वेश तिवारी ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनुराग सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. हेमंत कुमार निराला, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. अवनीश कुमार सिंह, डॉ. अभय राज यादव, डॉ. नीरज कुमार सिंह, डॉ. ऋतेश गौरव, डॉ. श्रद्धा मिश्रा, डॉ. संकट मोचन झा, डॉ. अमित कुमार, प्रमोद कुमार केशरी, पवन कुमार एवं शिव शंकर कुमार सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
