जौनपुर
बुजुर्ग की सुहागरात बनी आखिरी रात

75 की उम्र में 35 की महिला से रचाई थी शादी
जौनपुर। जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 75 वर्षीय सगरू राम ने तीन बच्चों की मां मनभावती से हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचा ली, लेकिन शादी की रात ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सगरू राम ने करीब 40 वर्ष पहले बेलाव गांव की अनारी देवी से विवाह किया था, जिनसे उन्हें संतान नहीं हुई। एक साल पूर्व अनारी देवी की बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। इसके बाद सगरू राम अकेले रहते थे।
मनभावती (35) के पति की सात वर्ष पूर्व बीमारी से मृत्यु हो गई थी और उनके तीन बच्चे हैं। कुछ समय पूर्व सगरू राम और मनभावती संपर्क में आए और बातचीत के बाद उन्होंने सोमवार को मंदिर में विवाह समारोह संपन्न किया।
शादी के बाद रात में मनभावती अपनी बेटी के साथ अंदर सोने चली गईं जबकि सगरू राम दो बेटों के साथ बाहर सो गए थे। भोर में उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। गर्दन टेढ़ी होने पर पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल ले जाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सगरू राम के भतीजे रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
शादी का वीडियो वायरल
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें दोनों मंदिर में शादी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दिखता है कि जयमाल डालने के बाद वे ताली बजाते हैं और फिर पत्नी की मांग में सिंदूर भरते हैं। शादी की रस्म पूरी होने पर पत्नी उनके पैर छूती है और वे आशीर्वाद देते हैं।