राज्य-राजधानी
बुखार से एक ही परिवार के तीन बच्चों की हुई मौत
कुशीनगर। जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के ढोलहा गांव स्थित गुलहरिया टोला में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में लगातार फैल रहे बुखार ने एक ही परिवार के तीन बच्चों की जान ले ली है। परिवार में 24 घंटे के अंदर तीन मासूमों की मौत से गांव में मातम छा गया है और पूरा क्षेत्र दहशत में है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते कुछ दिनों से गांव में बच्चों के बीच तेज बुखार फैल रहा था, लेकिन अचानक हालात बिगड़ने लगे और एक ही परिवार के तीन मासूमों ने दम तोड़ दिया।
गांव में फिलहाल करीब 15 बच्चे बुखार से पीड़ित हैं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। टीम पहुंचकर पीड़ित बच्चों का प्राथमिक उपचार कर रही है और बीमारी के कारण का पता लगाने में जुट गई है। सस्पेक्टेड इंसेफेलाइटिस की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी प्रभावित बच्चों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि सही वजह का पता लगाया जा सके।

गांव में मेडिकल कैंप लगाया गया है और स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित बच्चों की जांच कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बच्चों में किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सुविधा लेने की अपील की है। स्थिति पर जिला प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
बीमारी से तीन बच्चों की मौत के चार दिन बाद मंडलायुक्त अनिल ढींगरा सोमवार को गांव पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया।
सोमवार दोपहर मंडलायुक्त ढींगरा ने गांव के पंचायत भवन का दौरा किया। उन्होंने गांव में साफ-सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग द्वारा बीमारी से निपटने के लिए किए गए इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य शिविरों में हुए परीक्षणों और गांव में फैली बीमारी के संबंध में जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने मौके पर मौजूद जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को निर्देश दिए कि एक टीम गठित कर बीमारी से प्रभावित अन्य स्थानों पर भी चिकित्सा शिविर लगाए जाएं। उन्होंने आवश्यक जांच और इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
