अपराध
बीएचयू केंद्रीय विद्यालय के छात्र ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र की मनोरथ पुरी कॉलोनी में सोमवार को निशांत कुमार (17 वर्ष) नाम के एक किशोर ने फांसी लगाकर जान दे दी। निशांत केंद्रीय विद्यालय, बीएचयू का छात्र था और तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।
दोपहर में निशांत अपने कमरे में गया और पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। उसकी मां सुषमा देवी सर सुंदरलाल चिकित्सालय में काम करती हैं, और पिता जगत देव आईएमएस के डायरेक्टर की गाड़ी के ड्राइवर हैं। जब निशांत की मां ड्यूटी से घर लौटीं और कमरे का दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजे से झांकने पर उन्हें निशांत फांसी पर लटका हुआ मिला। तुरंत उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दुखद घटना के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि निशांत को न तो कोई डांट-फटकार मिली थी और न ही किसी तरह का तनाव था। आईएमएस के डायरेक्टर प्रो. एस.एन. संखवार ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि परिवार इस घटना से बेहद आहत और स्तब्ध है।
