Connect with us

राज्य-राजधानी

बिहार में कुदरत का कहर, ठनका गिरने से नौ की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

बिहार में सोमवार को मौसम ने कहर बरपाया। राज्य के चार जिलों बक्सर, पश्चिम चंपारण, कटिहार और कैमूर में आकाशीय बिजली गिरने की कई घटनाओं में कुल नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग झुलस गए हैं। कई की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पतालों में जारी है।

बक्सर के चौसा थाना क्षेत्र में बारिश से बचने के लिए पीपल के पेड़ के नीचे खड़े छह लोग बिजली की चपेट में आ गए। इनमें वीरेंद्र गोंड और मिथिलेश राम की मौत हो गई, जबकि चार अन्य की हालत नाजुक है। वहीं नरबतपुर में मवेशी चरा रहे श्रीभगवान यादव की घटनास्थल पर ही जान चली गई।

पश्चिम चंपारण के बगहा में किशोरों का एक समूह बगीचे में छिपा हुआ था, तभी उन पर बिजली गिर गई। इस हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। वहीं सुगरछाप गांव में धान की रोपनी कर लौट रही महिलाओं के झुंड पर ठनका गिरा, जिसमें सविता देवी की जान चली गई।

Advertisement

कैमूर के देवकली गांव में एक मड़ई में बैठी महिला इंदु देवी पर बिजली गिरी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। कटिहार के सनकोला गांव में घास काट रही अनवरी बेगम की भी इसी तरह जान चली गई।

आकाशीय बिजली की इन घटनाओं ने मानसूनी बारिश के खतरनाक पहलू को उजागर कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए पूरे बिहार में भारी बारिश और ठनका को लेकर अलर्ट जारी किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page