वाराणसी
बाहुबली बृजेश सिंह के बेटे के साथ हुआ लाखों का फ्रॉड
वाराणसी। बाहुबली बृजेश सिंह के बेटे सिद्धार्थ सिंह के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एशियन पेंट्स की डीलरशिप दिलाने के नाम पर सिद्धगिरी बाग, छित्तूपुर निवासी सिद्धार्थ से 11 लाख 14 हजार 539 रुपये की धोखाधड़ी की गई। प्रकरण को लेकर सिद्धार्थ सिंह की तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

सिद्धार्थ सिंह ने पुलिस को बताया कि, उन्होंने एशियन पेंट्स लिमिटेड की डीलरशिप का ऑनलाइन विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में डायरेक्टर के रूप में अमित सिंगले का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज था। कॉल करने पर अमित सिंगले ने बताया कि, डीलरशिप लेने के लिए 11,14,539 रुपये कंपनी की मुंबई शाखा के बैंक खाते में जमा करना होगा। बाकी की फॉर्मेलिटीस पूरी करने के बाद आपको डीलरशिप मिल जाएगी।
सिद्धार्थ ने बताया कि बातचीत के आधार पर मैंने अपनी फर्म रघुकुल कंसट्रक्सन और अपने निजी खाते से पैसा ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद अमित सिंगले ने उन्हें एक कंफर्मेशन लेटर भेजा। कुछ दिनों तक बातचीत हुई और फिर अमित सिंगले का मोबाइल नंबर अचानक बंद बताने लगा।
किसी तरह से भी संपर्क न हो पाने पर जब मैं मुंबई गया तब मुझे पता चला कि मेरे साथ फ्रॉड हुआ है क्योंकि, एशियन पेंट्स की ओर से डीलरशिप के लिए कोई विज्ञापन ही नहीं दिया गया था और एशियन पेंट्स में अमित सिंगले नाम का कोई डायरेक्टर भी नहीं है।
