गोरखपुर
बार-बार चोरी से परेशान दुकानदार, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
छह बार टूटी गुमटी, हर बार टूटा भरोसा खजनी के दुकानदार की दर्दभरी कहानी, पीड़ित दुकानदार की गुहार अनसुनी
गोरखपुर। जनपद के खजनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सतुआभार चौराहे पर एक छोटे दुकानदार की ज़िंदगी बीते पांच वर्षों से चोरियों के साये में सिमटती जा रही है। “बाबा पान भंडार” नाम से गुमटी चलाने वाले शत्रुघ्न मणि पांडेय की दुकान अब तक छह बार चोरों द्वारा तोड़ी जा चुकी है। हर बार ताले टूटे, नकदी और सामान ले उड़े गए, और हर बार दुकानदार का भरोसा भी टूटता चला गया।
दुकानदार के अनुसार, हर घटना के बाद 112 पर सूचना देने और थाने में तहरीर देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न तो चोर पकड़े गए और न ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई। हालात यह हो गए कि छठी बार चोरी होने पर उन्होंने थाने जाने की हिम्मत तक नहीं जुटाई—क्योंकि पिछली शिकायतों का कोई नतीजा सामने नहीं आया।
शत्रुघ्न मणि पांडेय बताते हैं कि यही गुमटी उनके परिवार की रोज़ी-रोटी का एकमात्र सहारा है। हर चोरी के बाद सीमित पूंजी से फिर सामान जुटाना पड़ता है, जिससे कर्ज और आर्थिक दबाव बढ़ता चला गया। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि नियमित पुलिस गश्त, रात्री निगरानी और संवेदनशील चौराहों पर सतर्कता होती, तो ऐसी वारदातें बार-बार न होतीं।
इलाके में लगातार हो रही चोरियों ने छोटे दुकानदारों के मन में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक मेहनतकश दुकानदार इस तरह लुटते रहेंगे? क्या जिम्मेदार तंत्र समय रहते ठोस कदम उठाएगा? खजनी की यह कहानी सिर्फ एक गुमटी की नहीं, बल्कि उस भरोसे की है जो बार-बार टूट रहा है और जवाब का इंतज़ार कर रहा है।
