Connect with us

मिर्ज़ापुर

“बाबा साहब का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस पार्टी” : राजेश तिवारी

Published

on

Loading...
Loading...

मिर्जापुर। ग्राम सभा रैपुरिया, नरायनपुर चुनार विधानसभा क्षेत्र में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी, छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश तिवारी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान चौपाल कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार द्वारा संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति किसी भी तरह की टिप्पणी कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।

कार्यक्रम के दौरान राजेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहब के विचारों को हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र में जब यूपीए की सरकार थी, तब रोजगार गारंटी योजना, खाद्य सुरक्षा कानून, सूचना का अधिकार, राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), और किसानों की कर्जमाफी जैसी योजनाओं ने देश के नागरिकों को बड़ी राहत दी थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के आने के बाद देश में बेरोजगारी, महंगाई, और जीएसटी के बोझ ने जनता को परेशान कर रखा है। साथ ही उन्होंने वादा किया कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने पर जीएसटी में सुधार कर जनता को राहत दी जाएगी।

राजेश तिवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। युवाओं में बेरोजगारी बढ़ी है, किसानों की हालत दयनीय हो गई है, और महंगाई अपने चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता को धर्म के नाम पर बांट रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राम लखन भारती ने की, जबकि सभा का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल ने किया। सभा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह, सचिव सरिता पटेल, मिर्जापुर प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य शिव शंकर चौबे, मीडिया प्रभारी छोटे खान, और कई अन्य प्रमुख सदस्य शामिल थे।

Advertisement

कांग्रेस नेताओं ने जोर देकर कहा कि पार्टी संविधान के रक्षक के रूप में हमेशा खड़ी रहेगी। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी का संदेश देश के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page