वाराणसी
बाबा काल भैरव का दर्शन कर सीएम योगी ने बच्चों में वितरित किया प्रसाद और चॉकलेट
काशीवासियों ने किया जोरदार स्वागत
रिपोर्ट – अंजली मिश्रा

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। जहां उन्होंने 18 जून को होने वाले पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मेहंदीगंज में जनसभा स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इसके पश्चात उन्होंने ‘श्री काशी विश्वनाथ’ का षोडशोपचार विधि से दर्शन-पूजन कर देश के कल्याण की कामना की।


इसके बाद सीएम योगी का काफिला सीधे ‘काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव’ के धाम पहुंचा जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ बाबा काल भैरव का दर्शन किया और उनकी आरती उतारी। दर्शन करने के बाद जब सीएम योगी बाहर आए तब परिसर के बाहर मौजूद बच्चों को अपने हाथों से प्रसाद व चॉकलेट बांटा। सीएम को अपने बीच पाकर बच्चे भी निहाल हो गये। वहीं मंदिर के बाहर और अंदर मौजूद श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का ‘जय श्रीराम’ और ‘हर हर महादेव’ के जय घोष से स्वागत किया।
