Connect with us

गोरखपुर

बाइक स्टंट को लेकर विवाद में युवक की हत्या

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में होली के दिन बाइक स्टंट का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि स्टंट करने से मना करने पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम करीब छह बजे मानीराम सिक्टौर ग्राम सभा में यह घटना हुई। यहां ज्ञानेंद्र चौधरी नामक व्यक्ति ने कुछ युवकों को बच्चों के पास बाइक पर खतरनाक स्टंट करते देखा। ज्ञानेंद्र चौधरी ने जब युवकों को ऐसा करने से रोका तो उनमें से एक युवक को यह बात नागवार गुजर गई।

बताया जाता है कि नाराज युवक ने तुरंत अपने गांव के अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया। थोड़ी ही देर में लाठी-डंडों से लैस कई युवक मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ज्ञानेंद्र चौधरी पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े।

घटना के दौरान ग्रामीणों के शोर मचाने पर हमलावर उन्हें मृत समझकर वहां से फरार हो गए। कुछ ग्रामीणों ने हमलावरों की पहचान करहिया गांव के रहने वालों के रूप में की है। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से ज्ञानेंद्र चौधरी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक ज्ञानेंद्र चौधरी के परिवार में 15 वर्षीय एक बेटा है। घटना के बाद उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। होली के दिन हुई इस वारदात से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में गहरा शोक और सदमा व्याप्त है।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page